लोकसभा चुनाव 2019: नैनीताल

जोरदार प्रचार अभियान

उत्तराखंड की नैनीताल लोकसभा सीट पर भाकपा (माले) प्रत्याशी का. कैलाश पांडेय का चुनाव प्रचार जोर पकड़ रहा है. उनके तूफानी दौरे में उनके साथ पार्टी के राज्य सचिव का. राजा बहुगुणा, गढ़वाल के पार्टी सचिव का. इंद्रेश मैखुरी, का. अतुल सती जोशीमठ, देवेन्द्र रौतेला आदि नेता भी शामिल रहे.

सीवान में जन अधिकार यात्रा

2 मार्च को सीवान शहर के गोपालगंज मोड़ स्थित शहीद का. चंद्रशेखर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ सीवान संसदीय क्षेत्र में भाकपा(माले)की जन अधिकार यात्रा शुरू हुई. इस यात्रा की अगुआई जिले के वरिष्ठ पार्टी नेता और दरौली क्षेत्र के पूर्व विधायक का. अमरनाथ यादव ने की. आइसा के राज्य उपाध्यक्ष जयशंकर पंडित, आरवाइए के जिला सचिव सुजीत कुशवाहा (पूर्व जिला पार्षद) व जिलाध्यक्ष योगेन्द्र यादव (जिला पार्षद), खेग्रामस के नेता शिवनाथ राम और आइसा नेता विकास यादव भी इस दल में शामिल थे.

बिरनी (बगोदर) में जन संकल्प सभा

विगत 6 मार्च को को नवडीहा (बिरनी प्रखंड) में ’भाजपा भगाओ, संविधान बचाओ’ जन संकल्प सभा आयोजित हुई. सभा को संबोधित करते हुए राजधनवार के विधायक का. राजकुमार यादव ने कहा कि दलितों और अल्पसंख्यकों की सबसे बड़ी ताकत भाकपा(माले) ही है इसलिए इस चुनाव में कोडरमा से भाजपा को भगाने का काम माले ही करेगी. सभा को संबोधित करते हुए बगोदर के पूर्व विधायक का. विनोद सिंह ने कहा कि जब 2014 में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी 167 रु. थी जो 2019 तक 168 रु. हुई है. 5 साल में भाजपा की सरकार में मजदूरों की मजदूरी में सिर्फ एक रु. की बढ़ोतरी हुई  है. यह महंगाई के इस जमाने में मनरेगा मजदूरों के साथ एक भद्दा मजाक है.

महिला दिवस पर महिला कामगारों का घोषणा पत्र जारी

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या में ऐपवा और ऐक्टू के बैनर तले देश की राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर एक जनसुनवाई का आयोजित आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कामगार महिलाओं का घोषणापत्र जारी किया गया. राजधानी दिल्ली के कई चर्चित प्रोफेसरों, लेखकों और पत्रकारों की मौजूदगी में पूरी दिल्ली से आयी सफाईकर्मी, घरेलू कामगार, स्कीम वर्कर्स, खेत मजदूर, निर्माण मजदूर, आदि समेत विभिन्न क्षेत्रों में काम करनेवाली महिलाओं ने इस जन सुनवाई में भागीदारी करते हुए अपनी बातें रखीं

गढ़वा में जन अधिकार सभा

विगत एक माह से भाकपा(माले) ने पूरे गढ़वा जिले में ‘भाजपा भगाओ गरीब बचाओ-आरक्षण बचाओ संविधान बचाओ’ नारे के साथ जन अभियान संचालित किया था. इसके समापन के रूप में जन अधिकार सभा आयोजित की गई.