रेहड़ी-खोखा वालों का रोजगार मार्च

20 अक्टूबर 2019 को दिल्ली के मयूर विहार फेज -3 में रेहड़ी-खोखा-पटरी उजाड़ने के खिलाफ ‘रोज़गार मार्च’ निकाला गया. मार्च में खोड़ा कालोनी, कल्याणपुरी, मंडावली, लक्ष्मीनगर समेत पूर्वी दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से रेहड़ी-खोखा-पटरी लगाने वाले दुकानदारों ने हिस्सा लिया.

राजभवन के सामने किसानों का धरना

किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर विगत 23 अक्टूबर 2019 को अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले झारखंड के किसानों ने रांची में राज भवन तक मार्च किया और धरना दिया. 12 बजे दिन से साढ़े तीन बजे तक चले इस कार्यक्रम में राज्यपाल को किसानों की समस्या से सम्बंधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया.

प्रखंड कार्यलय पर प्रदर्शन

अपने हाथों में लाल झंडा उठाए गरीब किसानों, खेतिहर मजदूरों और महिलाओं की बड़ी तादाद ने गरीबों-किसानों की एकता जिंदाबाद, कृषि कर्ज माफ करो, सर्वे की जमीन में हुई गड़बड़ी को ठीक करो, गैरमजरूआ एवं वन भूमि से किसानों को विस्थापित करना बन्द करो, किसान विरोधी कारपोरेटपरस्त नीतियां वापस लो, मोदी-रघुवर सरकार मुर्दाबाद, भाकपा(माले) जिंदाबाद आदि नारे लगाते हुए लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड कार्यालय का घेराव किया.

आइसा का प्रथम राज्य सम्मेलन

झारखंड में आइसा (आॅल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) का प्रथम राज्य सम्मेलन 20 अक्टूबर 2019 को रांची के अंजुमन इस्लामिया हाल में सम्पन्न हुआ. सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब100 प्रतिनिधि शामिल हुए. इसकी शुरूआत भाकपा(माले) केंद्रीय कमिटी सदस्य का. शुभेन्दु सेन के उदघाटन भाषण से हुई. उन्होंने कहा कि  मोदी सरकार की नई शिक्षा नीति ने छात्रों को विद्यालयों से बाहर धकेल देने का प्रयास किया है. झारखंड में शिक्षा का हाल बेहाल है. सरकारी स्कूलों का विलय कर शिक्षकों की छंटनी करने की तैयारी चल रही है. नई बहाली भी नहीं हो रही है.

आइसा का प्रथम आंध्र प्रदेश सम्मेलन

आइसा का आंध्र प्रदेश प्रथम राज्य सम्मेलन गत 21 अक्टूबर 2019 को कडपा शहर में आयोजित किया गया. इस अवसर पर एक रैली आयोजित की गई और जनसभा हुई जिसमें 500 से अधिक छात्रों ने भाग लिया. जनसभा के बाद आइसा का राज्यस्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन किया गया जिसमें आंध्र प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये 85 प्रतिनिधियों ने भाग लिया. सम्मेलन ने अंत में 21-सदस्यीय राज्य कमेटी का चुनाव किया.

परिवहन मजदूरों के समर्थन में प्रदर्शन

तेलंगाना में राज्य परिवहन निगम के मजदूरों द्वारा हड़ताल किये जाने पर तेलंगाना सरकार ने 48,000 परिवहन मजदूरों को एक ही बार में नौकरी से बर्खास्त कर दिया है. इस मनमाने अत्याचारी कदम के खिलाफ तेलंगाना के परिवहन मजदूरों के समर्थन में पश्चिम बंगाल में आॅल बेंगाल स्टेट ट्रान्सपोर्ट संग्रामी श्रमिक कर्मचारी यूनियन और बेंगाल चटकल (जूट कारखाना) मजदूर फोरम के बैनर तले कोलकाता में गत 19 अक्टूबर 2019 को एक प्रतिवाद प्रदर्शन आयोजित किया गया.

रेल मजदूरों का धनबाद मंडल सम्मेलन

न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) और निजीकरण के खिलाफ संघर्ष खड़ा करने के संकल्प के साथ विगत 22 अक्टूबर 2019 को झारखंड के रामगढ़ जिले के बरकाकाना में ईस्ट सेन्ट्रल रेलवे इम्प्लाईज यूनियन (सम्बद्ध आईआरईएफ व ऐक्टू) के धनबाद मंडल का सम्मेलन संपन्न हुआ. सम्मेलन में आईआरईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष का. मनोज पांडेय, लोको रनिंग स्टाफ एशोसियेशन के राष्ट्रीय महासचिव का. एमएन प्रसाद, ‘फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष का. अमरीक सिंह, आल इंडिया गार्ड काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष का. बीआर सिंह, आईआरईएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का. डा.

बांकुड़ा में किसान सम्मेलन

पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के अंतर्गत औंदा प्रखंड में 22 अक्टूबर 2019 को अखिल भारतीय किसान महासभा का प्रखंड  सम्मेलन आयोजित किया गया. देश के किसानों की बदहाली, बंगाल में जूट व आलू उत्पादक किसानों की उपेक्षा का विरोध करने के साथ ही स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के आधार पर लागत का डेढ़ गुना दाम और किसानों, ग्रामीण मजदूरों की संपूर्ण कर्ज माफी की मांग आदि सम्मेलन के मुख्य एजेंडे थे. सम्मेलन किसान नेता का. सुधीर मुर्मू की अध्यक्षता में संपन्न हुआ. किसान महासभा के राज्य सचिव का. जयतु देशमुख राज्य पर्यवेक्षक के तौर पर सम्मेलन में मौजूद रहे.

बगोदर में रोड जाम

बगोदर-डुमरी क्षेत्र में जीटी रोड (एनच-2) का चौड़ीकरण करके उसे 6-लेन बनाने का काम कर रही डीबीएल कंपनी के डुमरी कैम्प गेट को गत 22 अक्टूबर 2019 को अखिल भारतीय किसान महासभा व माले कार्यकर्तायों ने जाम कर दिया और प्रतिवाद सभा आयोजित की. इससे पहले कुलगो ग्राम से डीबीएल कंपनी गेट (डुमरी) तक झंडा-बैनर से सुसज्जित आक्रामक और आकर्षक प्रतिवाद मार्च निकाला गया. प्रतिवाद सभा को संबोधित करते भाकपा(माले) के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि डीबीएल ने अगर किसानों के साथ जोर जुल्म किया तो उसे डबल इंजन की सरकार बचा नही पायेगी. एक देश मे दो नियम नहीं चलेंगे.

उत्तराखंड में राज्यस्तरीय कार्यशाला

भाकपा(माले) के उत्तराखंड राज्य के ब्रांच सचिवों तथा अग्रणी कार्यकर्ताओं की एकदिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 13 अक्टूबर 2019 को सामुदायिक भवन, राजीवनगर, बिंदुखत्ता (नैनीताल) में किया गया. इस राज्यस्तरीय एकदिवसीय कार्यकर्ता कार्यशाला का आयोजन मुख्य रूप से संगठन निर्माण पर केंद्रित रहा.